छत्तीसगढ़ के नारायणपुर जिले से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां पैसों के दबाव और कथित बैंक प्रताड़ना से परेशान एक युवक ने पहले पत्नी की गला रेतकर हत्या कर दी, फिर खुद फंदे से लटककर आत्महत्या की कोशिश की। महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई, जबकि पति की हालत गंभीर है।
घटना गढ़ बेंगाल गांव की
गढ़ बेंगाल गांव निवासी तिलक राम मंडावी और उसकी पत्नी सुमित्रा मंडावी ग्राहक सेवा केंद्र चलाते थे। 13 जनवरी को दोपहर में सुमित्रा खून से लथपथ हालत में कमरे से बाहर निकली, जबकि पति अंदर फंदे से लटका मिला।
सुसाइड लेटर से बदला पूरा मामला
शुरुआत में पुलिस ने इसे घरेलू विवाद माना, लेकिन कमरे से मिले सुसाइड लेटर ने मामले को नया मोड़ दे दिया। लेटर में PNB कर्मचारियों पर मानसिक प्रताड़ना और गलत लेन-देन का दबाव बनाने का आरोप लगाया गया है।
लेटर में क्या लिखा है?
सुमित्रा ने लिखा कि उसकी ID से केवल आधार लिंकिंग होती थी
KYC और CRM बैंक कर्मचारियों द्वारा किया गया
गलत तरीके से पैसे निकालने का आरोप लगाकर फंसाया जा रहा था
दबाव में आकर 1.37 लाख रुपये खातों में जमा किए गए
PNB कर्मचारी अमित कुमार साहू को 30 हजार कैश और 20 हजार PhonePe से दिए गए
17 जनवरी को हुई महिला की मौत
रायपुर एम्स में इलाज के दौरान 17 जनवरी को सुमित्रा मंडावी की मौत हो गई। इसके बाद पुलिस ने बैंक लेन-देन और संबंधित कर्मचारियों की भूमिका की जांच शुरू कर दी है।
पुलिस जांच जारी
पुलिस सुसाइड लेटर, बैंक रिकॉर्ड, कॉल डिटेल और CCTV फुटेज की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच के बाद ही सच्चाई सामने आएगी।



